काहिरा , नवम्बर 15 -- ओलंपियन गुरप्रीत सिंह की नौवें स्थान की उपलब्धि ही भारतीय निशानेबाज़ों का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रही, क्योंकि काहिरा के ओलंपिक शूटिंग रेंज में खेले गए 25 मीटर स्टैंडर्ड पिस्टल इवेंट में भारतीय दल पदक हासिल नहीं कर सका। चीन की याओ कियानशुन ने चैंपियनशिप में अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए तीसरा व्यक्तिगत स्वर्ण जीता। इससे पहले वह 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम में स्वर्ण और 25 मीटर स्पोर्ट्स पिस्टल में रजत जीत चुकी हैं। स्विट्जरलैंड के एड्रियन शौब पुरुष वर्ग के विश्व चैंपियन बने।
भारत कुल तीन स्वर्ण, पांच रजत और चार कांस्य के साथ मेडल तालिका में चीन और दक्षिण कोरिया के पीछे तीसरे स्थान पर बना हुआ है। चीन 12 स्वर्ण, सात रजत और दो कांस्य के साथ शीर्ष पर है, जबकि कोरिया सात स्वर्ण और तीन-तीन रजत व कांस्य जीतकर दूसरे स्थान पर है।
पुरुष वर्ग में गुरप्रीत सिंह ने 571-14x का स्कोर बनाकर नौंवां स्थान प्राप्त किया। अन्य भारतीय निशानेबाज उदयवीर सिद्धू और राजकंवर सिंह संधू ने क्रमशः 561-9x और 559-6x के स्कोर के साथ 23वें और 24वें स्थान पर रहे। दक्षिण कोरिया के यॉन्गजे चो ने रजत और यूक्रेन के पावलो कोरोस्तिलोव ने कांस्य जीता।
महिला वर्ग में परीशा गुप्ता 556-11x के स्कोर के साथ भारतीयों में सर्वश्रेष्ठ रहीं और दसवें स्थान पर रहीं। शिखा चौधरी ने 555-11x का स्कोर बनाकर 12वां स्थान हासिल किया, जबकि अगम ग्रेवाल 547-9x के साथ 19वें स्थान पर रहीं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित