बैतूल , जनवरी 20 -- मध्यप्रदेश के बैतूल शहर के रेलवे स्टेशन परिसर में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब नो पार्किंग जोन में खड़ी एक मोटरसाइकिल में अचानक आग लग गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रेलवे पुलिस बल (आरपीएफ) द्वारा बाइक पर जैमर लॉक लगाए जाने से नाराज युवक ने सोमवार शाम को कथित तौर पर नशे की हालत में खुद ही अपनी बाइक में आग लगा दी और मौके से फरार हो गया। आग की लपटें उठते ही यात्रियों और दुकानदारों में हड़कंप मच गया।
मौके पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए आग बुझाने का प्रयास किया, वहीं सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड भी पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। हालांकि बाइक पूरी तरह जल गई। आग पर काबू पा लेने से बड़ा हादसा टल गया। घटना की जानकारी मिलते ही गंज थाना पुलिस और आरपीएफ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित