भोपाल , फरवरी 4 -- मध्यप्रदेश वन विभाग से संबंधित शिकायतों पर त्वरित कार्यवाही और शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से स्टेट फॉरेस्ट कॉल सेंटर की स्थापना की गई है। यह कॉल सेंटर वन मुख्यालय, वन भवन तुलसीनगर भोपाल में कार्यरत है।

प्रधान मुख्य वन संरक्षक वन एवं वन बल प्रमुख बी.एन. अम्बाडे द्वारा 26 जनवरी 2026 को इस कॉल सेंटर की स्थापना की गई। इसके माध्यम से नागरिक वन विभाग से जुड़ी अपनी शिकायतें सीधे दर्ज करा सकेंगे, जिससे शिकायतों पर त्वरित संज्ञान लेकर प्रभावी कार्रवाई की जा सकेगी।

स्टेट फॉरेस्ट कॉल सेंटर के लिए दूरभाष नंबर 0755-2524000 और 0755-2524200 जारी किए गए हैं। इन नंबरों पर प्राप्त शिकायतों को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाकर उनका शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। इस पहल से वन विभाग की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता बढ़ेगी और आम नागरिकों को समयबद्ध राहत मिल सकेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित