लॉस एंजेल्स , फरवरी 02 -- दिग्गज फिल्म निर्देशक स्टीवन स्पीलबर्ग ने 2026 के ग्रैमी अवार्ड्स में अपनी जीत के साथ मनोरंजन जगत का सबसे दुर्लभ और प्रतिष्ठित सम्मान 'ईजीओटी का दर्जा हासिल कर लिया है।
निर्माता-निर्देशक स्पीलबर्ग अमेरिकी मनोरंजन जगत के पुरस्कारों का ग्रैंड स्लैम पूरा करने वाले गिने-चुने कलाकारों में से एक बन गए हैं।
फिल्म निर्देशक स्पीलबर्ग अब उन चुनिंदा कलाकारों की सूची में शामिल हो गए हैं जिनके पास मनोरंजन उद्योग के चार सबसे बड़े पुरस्कार एम्मी, ग्रैमी, ऑस्कर और टोनी हैं। वह यह उपलब्धि हासिल करने वाले दुनिया के केवल 21वें व्यक्ति बने हैं।
स्पीलबर्ग को यह ग्रैमी अवार्ड बेस्ट म्यूजिक फिल्म श्रेणी में उनकी डॉक्यूमेंट्री म्यूजिक 'बाय विलियम्स' के लिए दिया गया है। इस फिल्म के निर्माता वह खुद हैं। यह डॉक्यूमेंट्री उनके पुराने मित्र और मशहूर संगीतकार जॉन विलियम्स के असाधारण जीवन और उन दोनों के बीच 50 साल लंबे पेशेवर सहयोग की कहानी बयां करती है। उनके करियर में यह पहला ग्रैमी है, जो उनके अवॉर्ड कलेक्शन की आखिरी कमी को पूरा करता है।
स्पीलबर्ग का यह सफर दशकों की मेहनत का परिणाम है। उन्होंने शिंडलर्स लिस्ट, सेविंग प्राइवेट रेयान के लिए ऑस्कर, बैंड ऑफ ब्रदर्स के लिए एम्मी और टोनी के लिए 2022 में ' अ स्ट्रेंज लूप' के फिल्म निर्माता के रूप में पहले ही जीत लिए थे। ग्रैमी की इस जीत ने उनके करियर को एक पूर्णता प्रदान की है, जो उन्हें आधिकारिक तौर पर 'सर्वकालिक महान' कलाकारों की श्रेणी में सबसे ऊपर खड़ा करती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित