चेन्नई , नवंबर 05 -- तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने आज एफआईएच पुरुष जूनियर विश्व कप 2025 की ट्रॉफी का अनावरण किया। हॉकी पुरुष जूनियर विश्व कप 28 नवंबर से 10 दिसंबर तक चेन्नई और मदुरै में आयोजित किया जाएगा।
स्टालिन ने राज्य सचिवालय में आयोजित एक कार्यक्रम में चमचमाती ट्रॉफी और टूर्नामेंट के लोगो का अनावरण किया।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री उदयनिधि स्टालिन भी उपस्थित थे, जिनके पास खेल विकास एवं युवा कल्याण विभाग का प्रभार भी है और तमिलनाडु खेल विकास प्राधिकरण (एसडीएटी) और हॉकी इंडिया के अधिकारी भी मौजूद थे।
हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप टिर्की, हॉकी इंडिया के महासचिव भोला नाथ सिंह और हॉकी इंडिया के कोषाध्यक्ष एवं तमिलनाडु हॉकी इकाई के अध्यक्ष शेखर जे. मनोहरन भी उपस्थित थे।
एफआईएच हॉकी पुरुष जूनियर विश्व कप 2025, 28 नवंबर से 10 दिसंबर तक चेन्नई और मदुरै में आयोजित किया जाएगा। यह पहली बार होगा जब इस टूर्नामेंट में 24 टीमें हिस्सा लेंगी।
मेजबान देश भारत ने 2001 और 2016 में दो बार यह टूर्नामेंट जीता है और वह तीसरी बार अपनी धरती पर ट्रॉफी जीतने की उम्मीद करेगा। भारत को ओमान, चिली और स्विट्जरलैंड के साथ पूल बी में रखा गया है और वह अपने अभियान की शुरुआत 28 नवंबर को चेन्नई के मेयर राधाकृष्णन हॉकी स्टेडियम में चिली के खिलाफ करेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित