चेन्नई , फरवरी 09 -- तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने सोमवार को राज्य भर की सभी निगमों, नगरपालिकाओं, पंचायतों और नगर पंचायतों में कार्यरत सफाई कर्मियों के लिए निःशुल्क भोजन योजना के विस्तार का शुभारंभ किया और उनके कल्याण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।
मुख्यमंत्री ने तिरुवल्लूर जिले के समीपस्थ पूविवक्कम गांव में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार इन अग्रिम पंक्ति के फील्ड स्तर के कर्मचारियों के साथ मजबूती से खड़ी है और उनके कार्य-परिस्थितियों तथा जीवन स्तर में सुधार के लिए निरंतर कदम उठाए जाते रहेंगे।
श्री स्टालिन ने बताया कि निःशुल्क भोजन योजना की शुरुआत 15 नवंबर पिछले वर्ष ग्रेटर चेन्नई निगम के अंतर्गत आने वाले लगभग 30,000 सफाई कर्मियों के लिए की गयी थी। अब इस योजना का विस्तार पूरे राज्य में कर दिया गया है, जिससे 25 निगमों, 145 नगरपालिकाओं और 479 पंचायतों में कार्यरत कुल 1,29,689 सफाई कर्मियों को लाभ मिलेगा, जो प्रतिकूल मौसम की परवाह किए बिना सुबह-सुबह ड्यूटी पर पहुंचते हैं।
उन्होंने कहा कि इस योजना के लिए सरकार ने वार्षिक रूप से 213.92 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है, जिसके तहत खाना गर्म रखने वाले थैलों में भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। यह व्यवस्था शहरों और कस्बों को स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित रखने में उनके योगदान की मान्यता के रूप में की गयी है।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर सफाई कर्मियों तक भोजन पहुंचाने वाली बस को हरी झंडी दिखाई और ड्यूटी के दौरान निधन होने वाले कर्मियों के कानूनी उत्तराधिकारियों को वित्तीय सहायता देने की योजना का भी शुभारंभ किया। साथ ही, आदि द्रविड़ एवं जनजातीय कल्याण विभाग की सामाजिक-आर्थिक विकास योजना के तहत उनके परिवारों को उद्यमिता शुरू करने के लिए सब्सिडी सहित ऋण सहायता, आवास, जीवन बीमा तथा उनके बच्चों की शिक्षा सहायता जैसी अन्य कल्याणकारी योजनाएं भी शुरू की गईं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित