चेन्नई , मार्च 02 -- तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने अवसंरचना विकास को बढ़ावा देते हुए सोमवार को चेन्नई में 249 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित फिनटेक टॉवर का उद्घाटन किया।

यह अत्याधुनिक भवन दो ब्लॉकों में बना है और 2.26 एकड़ में फैला हुआ है, जिनमें से प्रत्येक में 12 मंजिला इमारत है। इसका निर्मित क्षेत्र 5.56 लाख वर्ग फुट है और यह आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित है। इसे चेन्नई के नंदंबक्कम क्षेत्र में स्थित फिनटेक सिटी में स्थापित किया गया है।

फिनटेक टॉवर में 250 सीटों वाला सभागार और 50 सीटों वाला फूड कोर्ट , जिम, शिशु देखभाल केंद्र और भोजनालय भी हैं। श्री स्टालिन ने जून 2023 में एक फिनटेक सिटी (116 करोड़ रुपये) और एक फिनटेक टॉवर (249 करोड़ रुपये) की आधारशिला रखी थी जिनसे लगभग 90,000 रोजगार के अवसर सृजित होने की उम्मीद है।

अवसंरचना विकास में अपनी सरकार के विशेष ध्यान पर बल देते हुए श्री स्टालिन ने तमिलनाडु फिनटेक नीति 2021 की घोषणा का जिक्र किया जो राज्य को इस क्षेत्र में एक वैश्विक केंद्र बनाने के लिए निवेशकों को कई तरह की रियायतें प्रदान करती है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने शहर के नंदंबक्कम में 56 एकड़ भूमि आवंटित की है और फिनटेक सिटी और फिनटेक टॉवर फिनटेक क्षेत्र में 12,000 करोड़ रुपये का निवेश आकर्षित करेंगे और 80,000 लोगों के लिए रोजगार के अवसर उत्पन्न होंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित