चेन्नई , अप्रैल 04 -- तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और द्रविड़ मुन्नेत्र कझगम (द्रमुक) अध्यक्ष एम.के. स्टालिन ने अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कझगम (अन्नाद्रमुक) महासचिव एडप्पाडी के. पलानीस्वामी द्वारा उनके पता और दिवंगत द्रमुक संरक्षक एम. करुणानिधि के साथ उनके संबंधों पर की गई टिप्पणी की कड़ी आलोचना की।

श्री स्टालिन ने रविवार को कहा कि ईपीएस न अपनी सीमा का उल्लंघन किया है, उन्हें उनके पिता, दिवंगत मुख्यमंत्री करुणानिधि के साथ संबंधों पर ऐसी टिप्पणी करने का कोई अधिकार नहीं है।

उन्होंने कहा कि चुनाव हार का डर ईपीएस को जकड़ चुका है और उन्होंने अपनी हदें पार कर दी हैं। श्री पलानीस्वामी के इस आरोप पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कि उन्होंने अपने पिता को नजरबंद रखा था, श्री स्टालिन ने कहा कि कलाइग्नार ने ही उन्हें जीवन दिया और उन्हें आज इस मुकाम तक पहुंचाया है।

श्री पलानीस्वामी ने आज शाम को वेल्लोर के तिरुवनमलाई जिले के आरानी में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए इसी आरोप को दोहराया और श्री स्टालिन से कहा कि वे अपना गुस्सा उन पर न दिखाएं बल्कि इसे द्रमुक के वरिष्ठ नेता ए राजा पर निकालें जिन्होंने यह बात एक ऑडियो में कही थी जो राष्ट्रीय स्तर पर वायरल हुआ था।

तिरुनेलवेली में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए श्री स्टालिन द्वारा उनकी नजरबंदी संबंधी टिप्पणियों पर जहर उगलने का उल्लेख करते हुए, ईपीएस ने कहा, "यह राजा ही थे जिन्होंने ऑडियो में कहा था कि श्री करुणानिधि को नजरबंद रखा गया था... इसलिए अपना गुस्सा राजा पर दिखाएं, मुझ पर नहीं।"एक बयान में श्री स्टालिन ने कहा, "बिना किसी झिझक के ईपीएस आरोप लगाते हैं कि मैंने करुणानिधि को नजरबंद रखा था।" उन्होंने आगे कहा कि ईपीएस को कलाइग्नार का नाम लेने का भी कोई अधिकार नहीं है।

श्री स्टालिन ने क्रोधित होकर कहा कि विपक्ष के नेता के रूप में आपको मुख्यमंत्री के रूप में मेरे प्रदर्शन की आलोचना करने का अधिकार है। चुनाव में जनता आपकी आलोचना पर गौर करेगी और मुंहतोड़ जवाब देगी लेकिन आपको मेरे पिता के साथ मेरे संबंधों के बारे में एक शब्द भी कहने का अधिकार नहीं है, जिन्होंने पांच बार राज्य के मुख्यमंत्री के रूप में कार्य किया और सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले मुख्यमंत्री भी रहे।

श्री स्टालिन ने कलाइग्नार को शेर बताते हुए और उनके करोड़ों अनुयायियों का जिक्र करते हुए कहा कि खराब स्वास्थ्य के बावजूद भी श्री करुणानिधि डीएमके मुख्यालय 'अन्ना अरिवलयम' और मुरासोली (तमिल दैनिक और डीएमके मुखपत्र) कार्यालय का दौरा करना नहीं भूले। उन्होंने आगे कहा, "कोई भी उन्हें नजरबंद नहीं रख सकता।"उन्होंने श्री पलानीस्वामी द्वारा मरीना बीच फ्रंट पर अपने नेता और गुरु सी एन अन्नादुराई के पास श्री करुणानिधि के पार्थिव शरीर को दफनाने की अनुमति देने से इनकार करने का भी हवाला दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित