मुंबई , अप्रैल 01 -- अभिनेत्री मेघा रे का कहना है कि स्टंट्स उनके लिए मुश्किल नहीं, जुनून है। सन नियो के शो 'दिव्य प्रेम: प्यार और रहस्य की कहानी' में दिव्या का किरदार निभाते हुए मेघा लगातार हाई-एनर्जी स्टंट और एक्शन से भरपूर सीन के जरिए अपनी सीमाओं को आगे बढ़ा रही हैं।

मेघा रे ने अपने अनुभव को साझा करते हुए कहा, "जब से मैं शो में 'सुपर आंटी' बनी हूँ, तब से मैं हर हफ्ते एक नया स्टंट कर रही हूँ और सच कहूँ तो यह एक बेहद रोमांचक सफर रहा है। बचपन में मुझे सबसे ज्यादा प्रभावित करने वाली सुपरहीरो फिल्मों में से एक 'द डार्क नाइट ट्रिलॉजी' थी, जिसे क्रिस्टोफर नोलन ने बनाया था। उनकी बैटमैन फिल्मों ने मुझ पर गहरा प्रभाव डाला। किशोरावस्था में बैटमैन ही वह सुपरहीरो थे, जिन्होंने मुझे सबसे ज्यादा प्रेरित किया। और अब मुझे लगता है कि मैं अपने तरीके से उसी सपने को जी रही हूँ, यह एक अद्भुत एहसास है।"मेघा रे कहा, "इसके अलावा, एक्शन सीन मेरे लिए बहुत स्वाभाविक हैं। मुझे ये ज्यादा चुनौतीपूर्ण नहीं लगते क्योंकि बचपन से मेरा डांस का बैकग्राउंड रहा है। इससे मुझे बॉडी पोश्चर, बॉडी लैंग्वेज, ताकत और तेज़ मूवमेंट्स में काफी मदद मिलती है, जो एक्शन सीन के लिए जरूरी होते हैं। इस शो में जो भी एक्शन आप देखते हैं, वह मैं खुद करती हूँ। मुझे लगता है कि मैंने जिन सुपरहीरोज़ को देखा है, उनसे थोड़ी-थोड़ी प्रेरणा अपने अंदर समेट ली है। चाहे वह मार्वल सिनेमैटिक यूनिवर्स के एवेंजर्स हों या फिर बैटमैन। मेरा मास्क भी मुझे उनकी याद दिलाता है। साथ ही, मुझे वांडा मैक्सिमॉफ से भी प्रेरणा मिलती है, खासकर उस जादुई तत्व के लिए, जिसका मैं इस्तेमाल करती हूँ। तो हाँ, ये सभी प्रेरणाएँ मेरे काम में झलकती हैं।"मेघा रे ने फिटनेस और अनुशासन पर बात करते हुए कहा, "मैं अपनी फिटनेस का पूरा ध्यान रखती हूँ, क्योंकि इस तरह के काम के लिए शारीरिक रूप से मजबूत होना बहुत जरूरी है। मैं अपने रूटीन और डाइट में अनुशासन बनाए रखने की कोशिश करती हूँ। इन स्टंट्स ने न सिर्फ मेरे किरदार को और दिलचस्प बनाया है, बल्कि मुझे एक अभिनेता के रूप में और अधिक आत्मविश्वासी भी बनाया है। हर दिन एक नई चुनौती जैसा लगता है और मुझे अपनी सीमाओं को आगे बढ़ाकर खुद का एक मजबूत रूप खोजने में बहुत मज़ा आता है।"'दिव्य प्रेम: प्यार और रहस्य की कहानी', हर सोमवार से रविवार, शाम 7:30 बजे, सिर्फ सन नियो पर प्रसारित होता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित