भरतपुर , दिसम्बर 29 -- राजस्थान में सवाई माधोपुर के आबादी क्षेत्र में खूंखार जंगली जानवरों की गतिविधियां बढ़ रही हैं, इसकी वजह से रविवार देर रात एक तेंदुए ने शहर के एक स्कूल में दस्तक देकर दहशत फैला दी।
वन विभाग के सूत्रों सोमवार को बताया कि तेंदुआ 72 सीढ़ी स्कूल पर आकर करीब 15 मिनट तक स्कूल की दीवार पर चहलकदमी करता रहा, जिसके बाद वह रानी हिंडोला की पहाड़ी की तरफ चला गया।
जानकारी मिलने पर सोमवार को मौके पर वन विभाग का दल पहुंचा और तेंदुए की जानकारी ली। इस बीच तेंदुए की चहलकदमी का एक वीडियो भी सामने आया है।
कुछ दिनों पहले ही एक तेंदुए ने सात वर्ष के विक्रम बंजारा पर हमला करके उसे मार डाला था। जिसके बाद से ही भयभीत स्थानीय लोगों ने तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की मांग की है। हालांकि विक्रम बंजारा की मौत के बाद विभाग ने घटनास्थल के पास से उस तेंदुए को पकड़ लिया, था लेकिन अब फिर से तेंदुए के मंडराने से लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित