श्रीगंगानगर , जनवरी 16 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले के सीमावर्ती शहर केसरीसिंहपुर में शुक्रवार को सुबह एक अज्ञात युवक ने स्कूल जा रही 14 वर्षीय बालिका पर तेजाब फेंक दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना सुबह करीब साढ़े 10 बजे की है। घटना के अनुसार बालिका स्कूल से महज 250 मीटर दूर सुभाष पार्क के पास पहुंची ही थी कि पीछे से तेज रफ्तार में आई एक मोटरसाइकिल पर सवार युवक ने उस पर तेजाब उछाल दिया। तेजाब की छींटें बालिका के कपड़ों और एक हाथ पर गिरे, जिससे उसके हाथ पर मामूली जलन हुई। हमलावर युवक तुरंत मौके से फरार हो गया।

आसपास के लोगों ने तुरंत बालिका को सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पुलिस निरीक्षक बलवंतराम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पूरे क्षेत्र में नाकाबंदी कर दी गई, लेकिन देर शाम तक हमलावर का कोई सुराग नहीं मिल सका। श्रीकरनपुर सर्किल के पुलिस उपाधीक्षक पुष्पेंद्रसिंह ने बताया कि पीड़ित बालिका के बयान के आधार पर अज्ञात युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है। हमलावर ने हेलमेट पहना हुआ था और मोटरसाइकिल की नंबर प्लेट को कपड़े से ढक रखा था, जिससे उसकी पहचान मुश्किल हो रही है।

पुलिस ने पीड़ित बालिका से विस्तृत पूछताछ की, लेकिन वह हमलावर की पहचान या किसी संभावित दुश्मनी के बारे में कोई संकेत नहीं दे सकी। फिलहाल सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक पुलिस को जांच के दौरान कुछ संदिग्ध मोबाइल नंबर मिले हैं, जिनकी जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित