भरतपुर , जनवरी 13 -- राजस्थान में धौलपुर के सैपऊ थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग 123 पर मंगलवार को स्कॉपि्यो की टक्कर से एक महिला की मौत हो गयी जबकि उसका पुत्र घायल हो गया।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि उत्तर प्रदेश के जगनेर थाना क्षेत्र के दहगमा गांव निवासी अमर सिंह अपनी मां सावित्री देवी (65) को धौलपुर में मोटर साइकल पर डॉक्टर से दवा दिलाने आया था। दोपहर में वह दवा लेकर अपने घर लौट रहा था कि रजौरा खुर्द गांव के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियों ने उन्हें टक्कर मार दी। इससे सावित्री देवी की मौके पर ही मौत हो गयी जबकि अमरसिंह गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के बाद स्कॉर्पियो चालक घटना स्थल से फरार हो गया। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव सैपऊ राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के मुर्दाघर में रखवा दिये। घायल अमरसिंह को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल भेज दिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित