बेंगलुरु , जनवरी 12 -- सौराष्ट्र ने सोमवार को विजय हजारे ट्रॉफी के वर्षा प्रभावित दूसरे क्वार्टर फाइनल में उत्तर प्रदेश को वीजेडी पद्धति से 17 रनों से हराकर टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में प्रवेश किया। कप्तान हार्विक देसाई (नाबाद 100) प्रेरक मांकड़ (67) और चिराग जानी (नाबाद 40) शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन कर अपनी टीम की जीत की नींव रखी।
311 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सौराष्ट्र की शुरुआत खराब रही और उसने चौथे ही ओवर में विश्वराज जडेजा (नौ) का विकेट गंवा दिया। उन्हें करन चौधरी ने आउट किया। इसके बाद प्रेरक मांकड़ ने हार्विक देसाई के साथ दूसरे विकेट के लिए 133 रन जोड़े। 27वें ओवर में प्रशांत वीर ने प्रेरक मांकड़ को आउटकर इस साझेदारी का अंत किया। प्रेरक मांकड़ ने 66 गेंदों में सात चौके और दो छक्के उड़ाते हुए 67 रन बनाये। समर गज्जर 14 रन बनाकर तीसरे विकेट के रुप में आउट हुये। बारिश के कारण खेल रोके जाने के समय सौराष्ट्र ने 40.1 ओवर में तीन विकेट पर 238 रन बना लिये थे। हार्विक देसाई 116 गेंदों में 100 रन बनाकर और चिराग जानी 31 गेंदों में 40 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद थे। हार्विक देसाई ने अपनी पारी में आठ चौके और दो छक्के लगाये। चिराग जानी ने भी दो चौके और दो छक्के उड़ाये।
इससे हपले समीर रिजवी (नाबाद 88) और अभिषेक गोस्वामी (88) की शानदार अर्धशतकीय पारियों की बदौलत उत्तर प्रदेश ने सौराष्ट्र को जीत के लिए 311 रनों का लक्ष्य दिया। आज यहां सौराष्ट्र ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी उत्तर प्रदेश ने शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने 42 के स्कोर तक अपने दो विकेट गंवा दिये। आर्यन जुयाल (शून्य) और ऋतुराज शर्मा (12) को चेतन साकरिया ने अपना शिकार बनाया। प्रियम गर्ग ने 39 गेंदों में 35 रन बनाये। कप्तान रिंकू सिंह 13 रन बनाकर आउट हुये। 33वें ओवर में पारस्वराज राणा ने शतक की ओर बढ़ रहे अभिषेक गोस्वामी को आउट किया। अभिषेक गोस्वामी ने 82 गेंदों में 12 चौके लगाते हुए 88 रनों की पारी खेली। इसके अलावा प्रशांत वीर (30), विप्रज निगम (13) और जीशान अंसारी (20) रन बनाकर आउट हुये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित