धार , मार्च 27 -- मध्यप्रदेश के धार जिले की गंधवानी कृषि उपज मंडी में खरीदारी करने आए एक व्यापारी की जेब से अज्ञात व्यक्ति द्वारा 50 हजार रुपये चोरी करने का मामला सामने आया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार कुक्षी रोड डही निवासी व्यापारी अनोखीचंद राठौर सौंफ मंडी में थोक खरीदारी के लिए पहुंचे थे। उनके पास कुल एक लाख 50 हजार रुपये थे, जिसमें 50-50 हजार रुपये की तीन गड्डियां शामिल थीं। खरीदारी के दौरान जब उन्होंने किसानों को भुगतान करने के लिए जेब देखी, तो जेब की चेन खुली मिली और 50 हजार रुपये की एक गड्डी गायब थी। उनकी जेब में केवल एक लाख रुपये ही शेष रहे।

व्यापारी के अनुसार मंडी में अधिक भीड़ होने का फायदा उठाकर किसी अज्ञात व्यक्ति ने ध्यान भटकाकर वारदात को अंजाम दिया। राठौर ने बताया कि वह पिछले 15 वर्षों से यहां से व्यापार कर रहे हैं। पीड़ित ने गंधवानी थाना में आवेदन देकर अज्ञात आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

उमरबन थाना प्रभारी प्रदीप खन्ना ने व्यापारियों से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा कि मंडी में संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखें और किसी भी संदेहास्पद गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। उन्होंने व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की भी सलाह दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित