श्रीनगर , अप्रैल 30 -- जम्मू-कश्मीर पुलिस ने कुछ लोगों के खिलाफ डिजिटल और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अलगाववादी विचारधारा को बढ़ावा देने वाले और गलत जानकारी वाले वीडियो जारी करने और उसे फैलाने के आरोप में मामला दर्ज किया है।
अधिकारियों ने गुरुवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बुधवार को साइबर पुलिस स्टेशन श्रीनगर में गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम के साथ-साथ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं तहत यह मामला दर्ज किया गया है।
एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि यह कार्रवाई तब की गई जब पता चला कि कुछ सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं ने अलगाववादी विचारधारा को बढ़ावा देने के इरादे से वीडियो अपलोड किए और उन्हें फैलाए जो भारत की संप्रभुता और अखंडता के लिए नुकसानदायक थे।
उन्होंने कहा कि शुरुआती जांच में पता चला कि इस सामग्री से डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म के ज़रिए अलगाववादी और भेदभाव वाली बातें फैलाने की जानबूझकर की गई कोशिश थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित