हरिद्वार , फरवरी 27 -- उत्तराखंड में हरिद्वार के रानीपुर थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर की गई कथित अमर्यादित टिप्पणी को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार महिला इंस्पेक्टर के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट करने के आरोप में कांग्रेस नेता कैश खुराना के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज करते हुए जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है।

ड्रग्स इंस्पेक्टर अनिता भारती ने शुक्रवार को आरोप लगाया है कि फेसबुक के माध्यम से उनकी छवि धूमिल करने और उन्हें बदनाम करने का प्रयास किया गया। उनका कहना है कि इस तरह की टिप्पणी न केवल व्यक्तिगत रूप से आपत्तिजनक है, बल्कि उनकी पेशेवर प्रतिष्ठा को भी आघात पहुंचाती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित