मोगादिशू , दिसंबर 25 -- दक्षिण अफ्रीकी देश सोमालिया की राजधानी मोगादिशू के नागरिकों ने गुरुवार को नगर निकाय चुनावों के लिए अपने वोट डाले। यह देश में आधी सदी से भी अधिक समय के बाद पहला प्रत्यक्ष चुनाव है।

उल्लेखनीय है कि अफ्रीका महाद्वीप के इस पूर्वी देश में वर्ष 1969 के बाद से कोई प्रत्यक्ष चुनाव नहीं हुआ है। तत्कालीन सैन्य शासक मोहम्मद सियाद बरे ने 1969 में तख्तापलट कर सत्ता हथिया ली थी। वर्ष 1991 में बरे की सत्ता से विदाई और वर्षों तक चले गृहयुद्ध के बाद, सोमालिया ने 2004 में एक अप्रत्यक्ष चुनावी प्रणाली शुरू की थी। इस मॉडल का उद्देश्य निरंतर जारी चरमपंथी विद्रोह के बीच प्रतिद्वंद्वी गुटों में आम सहमति बनाना था।

लगभग तीस लाख की आबादी वाले शहर मोगादिशू में हो रहे इस मतदान को राष्ट्रव्यापी चुनावों की दिशा में पहला बड़ा कदम माना जा रहा है। हालांकि हाल के वर्षों में राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था में सुधार हुआ है, लेकिन देश को अब भी आतंकवादी समूहों के हमलों का सामना करना पड़ रहा है।

अल-कायदा से जुड़े अल-शबाब जैसे चरमपंथी समूह सोमालिया सरकार और क्षेत्रीय सुरक्षा ढांचे को अस्थिर करने के लिए लगातार हमले, बम विस्फोट और हत्याएं कर रहे हैं।

सोमाली चुनाव आयोग के अनुसार, नगर परिषद की 390 सीटों के लिए 1,600 से अधिक उम्मीदवार मैदान में हैं और लगभग 4,00,000 पंजीकृत मतदाताओं को मतदान के लिए बुलाया गया है। सोमालिया के राष्ट्रपति हसन शेख मोहम्मद ने चुनावी प्रक्रिया को लेकर चिंताओं को दूर करने के लिए विपक्षी नेताओं के साथ खुली बातचीत और राष्ट्रीय सुलह का वादा किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित