रायपुर , मई 11 -- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सोमवार को राजधानी रायपुर के महादेव घाट स्थित हाटकेश्वर महादेव मंदिर परिसर में आयोजित "सोमनाथ स्वाभिमान पर्व" में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने गुजरात स्थित सोमनाथ मंदिर से वर्चुअली जुड़े प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा की गई पूजा-अर्चना का अवलोकन किया और उनका संबोधन सुना।

मुख्यमंत्री ने कहा, "आज पूरा देश सोमनाथ स्वाभिमान दिवस मना रहा है। आज ही के दिन 75 वर्ष पूर्व सोमनाथ मंदिर का पूर्णोद्धार हुआ था।" उन्होंने कहा कि सोमनाथ मंदिर पर अनेक बार बाहरी आक्रांताओं द्वारा हमले किए गए, लेकिन मंदिर की आस्था और परंपरा को समाप्त नहीं किया जा सका।

उन्होंने कहा, "सोमनाथ पर अनेक बार आक्रमण हुए, लेकिन हर बार सोमनाथ अडिग होकर खड़ा रहा। देश की स्वतंत्रता के बाद स्वतंत्र भारत के प्रथम गृहमंत्री आदरणीय सरदार वल्लभभाई पटेल जी ने सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण का संकल्प लिया, जिसमें देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद जी भी सम्मिलित हुए थे।"श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश की सनातन संस्कृति और आध्यात्मिक परंपराओं को नया गौरव मिला है। उन्होंने कहा कि काशी विश्वनाथ, उज्जैन महाकाल और सोमनाथ सहित देशभर के प्रमुख धार्मिक स्थलों का तेजी से विकास किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने बताया कि छत्तीसगढ़ सरकार भी प्रदेश के धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों के विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने भोरमदेव मंदिर के विकास, शक्तिपीठ योजना और श्री रामलला दर्शन योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि अब तक 40 हजार से अधिक श्रद्धालु अयोध्या जाकर दर्शन कर चुके हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा, "आज, 75 वर्ष बाद सोमनाथ धाम में बाबा सोमनाथ के दर्शन-पूजन कर समस्त देशवासियों की सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।"कार्यक्रम में वन मंत्री केदार कश्यप, राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा और कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने भी संबोधित किया। नेताओं ने सोमनाथ मंदिर को भारत की सांस्कृतिक विरासत, आस्था और स्वाभिमान का प्रतीक बताया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित