होशियारपुर , मार्च 10 -- पंजाब के होशियारपुर जिले में टांडा के पास मंगलवार को मोटरसाइकिल सवार तीन हमलावरों द्वारा कथित तौर पर सोने की चेन छीनने की कोशिश के दौरान एक महिला और उसका चार वर्षीय बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए।
टांडा के पुलिस उपाधीक्षक दविंदर सिंह ने बताया कि घायलों की पहचान शालू और उनके बेटे अगमदीप सिंह के रूप में हुई है। उन्होने बताया कि दोनों को इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यह घटना तब हुई जब शालू अपने पति रेलवे कर्मचारी प्रिंसपाल सिंह और बच्चे के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर गुरुद्वारा पुल पुख्ता साहिब में माथा टेकने जा रही थीं। टांडा-श्री हरगोबिंदपुर मार्ग पर गिल्लां गांव के पास मोटरसाइकिल सवार आरोपियों ने शालू के गले से सोने की चेन छीनने का प्रयास किया। इस छीना-झपटी के दौरान शालू और उनका बेटा मोटरसाइकिल से नीचे गिर गए और उन्हें गंभीर चोटें आईं। पीड़िता के पति ने राहगीरों की मदद से हमलावरों का पीछा किया और एक आरोपी को उसकी मोटरसाइकिल सहित पकड़ने में सफल रहे, जबकि अन्य दो मौके से फरार हो गए।
पुलिस उपाधीक्षक सिंह ने बताया कि एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसके दो साथियों को पकड़ने के प्रयास जारी हैं। उन्होंने आगे कहा कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित