भीलवाड़ा , जनवरी 25 -- राजस्थान में सोने और चांदी की कीमतों में आ रही रिकॉर्ड तोड़ तेजी ने भीलवाड़ा के सर्राफा बाजार की तस्वीर बदल दी है।
आसमान छूते भावों के कारण अब आम उपभोक्ताओं के साथ-साथ व्यापारियों ने भी अपनी रणनीति बदल ली है। शहर के बाजारों में अब पहले जैसी रौनक कम ही नजर आ रही है, जिसके चलते कारोबारी अब कम कैरेट के किफायती आभूषणों पर फोकस कर रहे हैं।
सर्राफा व्यापारियों का मानना है कि सोने की कीमतों ने आम आदमी की पहुंच से दूरी बना ली है। पहले जहां शादियों और अन्य आयोजनों के लिए 22 कैरेट (91.6 प्रतिशत शुद्धता) के गहनों की भारी मांग रहती थी, वहीं अब ऊंचे दामों के कारण ग्राहक सस्ते विकल्प तलाश रहे हैं। इसी का नतीजा है कि बाजार में कम शुद्धता वाले, लेकिन बेहद आकर्षक और आधुनिक डिजाइन के गहनों का स्टॉक बढ़ाया जा रहा है।
स्वर्णाभूषण व्यवसायी एबी ज्वेलर्स के मनीष बहेड़िया ने रविवार को बताया कि वर्तमान परिस्थितियों में 14 और 18 कैरेट के आभूषणों की मांग में जबरदस्त उछाल देखने को मिला है। 14 कैरेट सोने में शुद्धता लगभग 54.5 प्रतिशत होती है, जिससे गहनों की लागत काफी कम हो जाती है। भारी-भरकम गहनों के बजाय हल्के वजन और कम कैरेट के डिजाइन्स को शादियों के लिए भी पसंद कर रहे हैं। दूसरी ओर सरकार द्वारा नौ कैरेट सोने को मान्यता देने से बाजार को एक नया सहारा मिला है। बहेड़िया के अनुसार, यह उन ग्राहकों के लिए एक बेहतरीन विकल्प है जो कम बजट में सोने की चमक पहनना चाहते हैं।
फिलहाल भीलवाड़ा का सर्राफा बाजार पूरी तरह से बदलाव के दौर से गुजर रहा है। जहां ऊंची कीमतों ने ग्राहकों की जेब पर असर डाला है, वहीं कम कैरेट की ज्वेलरी ने बाजार की गिरती बिक्री को थामने का काम किया है। व्यापारियों को उम्मीद है कि इन नए विकल्पों के साथ बाजार में फिर से स्थिरता आएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित