सोनीपत , मार्च 12 -- हरियाणा के सोनीपत के कलावती विहार क्षेत्र में बैंक द्वारा सील किए गए एक मकान को चोरों ने बुधवार देर रात निशाना बना लिया। चोर मकान का ताला तोड़कर अंदर घुसे और करीब 2.5 लाख रुपये के आभूषण तथा अन्य कीमती सामान चोरी कर फरार हो गए। घटना की जानकारी गुरुवार सुबह सामने आने पर क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

पीड़ित कृष्ण कुमार ने बताया कि उन्होंने पीरामल कैपिटल एंड हाउसिंग फाइनेंस लिमिटेड से मकान के लिए ऋण लिया था, लेकिन आर्थिक तंगी के कारण वह समय पर किस्तें जमा नहीं कर सके। इसके चलते बैंक अधिकारियों ने कुछ समय पहले उनके मकान को सील कर दिया था। कृष्ण कुमार का कहना है कि यदि उन्हें पहले ही घर में रखा अपना सामान निकालने की अनुमति दे दी जाती, तो इतनी बड़ी चोरी और नुकसान से बचा जा सकता था।

घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। सूचना मिलने पर पूर्व महापौर राजीव जैन भी मौके पर पहुंचे और पीड़ित से बातचीत कर पूरे मामले की जानकारी ली। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले की गंभीरता से जांच कर दोषियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की।

पुलिस के अनुसार, चूंकि मकान फिलहाल बैंक के कब्जे में है और बैंक द्वारा ही सील किया गया था, इसलिए आगे की कानूनी कार्रवाई बैंक की शिकायत मिलने के बाद ही की जाएगी। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं और मामले की जांच जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित