चंडीगढ़ , अप्रैल 24 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली की मौजूदगी में शुक्रवार को सोनीपत नगर निगम के मेयर प्रत्याशी राजीव जैन और रोहतक के सांपला नगर पालिका चेयरमैन पद के प्रत्याशी प्रवीन कोच ने नामांकन दाखिल किया। इस दौरान दोनों स्थानों पर भव्य रोड शो आयोजित किए गए, जिनमें बड़ी संख्या में समर्थकों की भीड़ उमड़ी।

नामांकन यात्रा के दौरान मोहन लाल बड़ौली, राजीव जैन और प्रवीन कोच खुली गाड़ी में सवार होकर लोगों का अभिवादन करते नजर आए। शहर के विभिन्न क्षेत्रों में भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने झंडे और पार्टी के प्रतीक चिन्ह के साथ जोरदार नारेबाजी की। जगह-जगह फूल बरसाकर नेताओं का स्वागत किया गया, जिससे पूरे माहौल में चुनावी उत्साह देखने को मिला।

सोनीपत में जनसभा को संबोधित करते हुए मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि भाजपा की ट्रिपल इंजन सरकार के प्रति जनता का विश्वास लगातार मजबूत हो रहा है और यही भरोसा निकाय चुनाव में ऐतिहासिक जीत में बदलेगा। उन्होंने कहा कि केंद्र में नरेंद्र मोदी और हरियाणा में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में विकास के नए आयाम स्थापित हुए हैं और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर वर्ग तक पहुंच रहा है।

उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे नगर निगम चुनाव में कमल के निशान पर मतदान कर भाजपा को प्रचंड बहुमत से विजयी बनाएं। उन्होंने कहा कि यह चुनाव विकास और सुशासन की निरंतरता का चुनाव है और भाजपा उम्मीदवारों की जीत से क्षेत्र में विकास कार्यों को और गति मिलेगी।

सांपला में आयोजित जनसभा में बड़ौली ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों के कारण जनता का भरोसा भाजपा पर लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना और डिजिटल इंडिया जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इनसे देश के हर वर्ग को लाभ मिला है और भारत वैश्विक स्तर पर मजबूत राष्ट्र के रूप में उभरा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित