सोनीपत , मई 03 -- हरियाणा के सोनीपत में हरियाणा राज्य औद्योगिक एवं अवसंरचना विकास निगम (एचएसआईआईडीसी) बारी थाना पुलिस ने एक परिवार पर कार चढ़ाकर हत्या के प्रयास के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश कर आगे की पूछताछ के लिए पुलिस हिरासत में लिया गया है। पुलिस को दी शिकायत में बारी गांव निवासी आनंद ने बताया कि 30 अप्रैल की शाम कुछ युवक उसके घर में घुस आए और ईंटें फेंककर हंगामा करने लगे। विरोध करने पर आरोपी मौके से कार और मोटरसाइकिल पर फरार हो गए।

शिकायत के अनुसार, कुछ समय बाद आरोपी दोबारा तेज रफ्तार कार लेकर लौटे और आनंद, उसकी पत्नी तथा भतीजे को जानबूझकर टक्कर मार दी। इस हमले में तीनों घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गुमड़ गांव निवासी राहुल, चिरसामी गांव के नवीन उर्फ सरपंच और शास्त्री कॉलोनी निवासी रितिक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित