सोनीपत , अप्रैल 08 -- हरियाणा में सोनीपत जिला प्रशासन ने अवैध कॉलोनियों और अनधिकृत निर्माणों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए बुधवार को चार गांवों में व्यापक कार्रवाई की।

इस अभियान के तहत राजस्व भूमि पर विकसित अवैध कॉलोनियों को निशाना बनाया गया, जिससे अवैध शहरी विस्तार पर रोक लगाने का स्पष्ट संदेश दिया गया।

जिला नगर योजनाकार (डीटीपी) अजमेर सिंह ने बताया कि यह कार्रवाई उपायुक्त नेहा सिंह के निर्देशों परकी गयी है। अभियान का उद्देश्य अवैध निर्माणों को शुरुआती स्तर पर ही रोकना और नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करना है।

प्रवर्तन टीम ने कुराड इब्राहिमपुर गांव में सुखदेव ढाबे के पीछे लगभग छह एकड़ क्षेत्र और मुरथल गांव में करीब 6.5 एकड़ में फैले अवैध निर्माणों को ध्वस्त कर दिया। इस दौरान सीमांकन सड़कें, अस्थायी रास्ते और चारदीवारी जैसी संरचनाएं हटायी गयीं।

इसके अलावा हरसाना कलां और बैयानपुर गांवों में भी तीन अवैध कॉलोनियों पर कार्रवाई की गयी। यहां लगभग 25 डीपीसी (डैम्प प्रूफ कोर्स) संरचनायें, 250 मीटर लंबी चारदीवारी और करीब 800 मीटर कच्ची सड़कों को तोड़ा गया।

प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे अवैध कॉलोनियों में प्लॉट खरीदने से बचें, क्योंकि इन क्षेत्रों में सड़क, पानी, सीवरेज और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं होतीं। डीटीपी ने यह भी चेतावनी दीकि अवैध कॉलोनियों के विकास में शामिल लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाईकी जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित