नयी दिल्ली , मार्च 10 -- लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी मंगलवार सुबह हरियाणा में सोनीपत जिले के गोहाना क्षेत्र के मदीना गांव पहुंचे, जहां उन्होंने किसान संजय मलिक की बेटी के विवाह समारोह में भाग लिया।
इस दौरान श्री गांधी के साथ राज्यसभा सदस्य दीपेंद्र सिंह हुड्डा भी मौजूद रहे।
मदीना गांव पहुंचने पर संजय मलिक और उनके परिवार ने श्री गांधी का पारंपरिक हरियाणवी अंदाज में स्वागत किया और उन्हें हरियाणवी पगड़ी पहनाई ।
श्री गांधी ने कुछ समय किसान के घर पर बिताया और परिवार के साथ खाना भी खाया। इसके बाद वह विवाह समारोह में शामिल हुए और नवदंपती को आशीर्वाद देकर रवाना हो गए।
दरअसल श्री गांधी और संजय मलिक की पहली मुलाकात वर्ष 2023 में भारत जोड़ो यात्रा के दौरान हुई थी। उस समय श्री गांधी ने संजय मलिक के साथ खेत में ट्रैक्टर चलाया था और धान की रोपाई में भी हाथ बंटाया था। बाद में उन्हें दिल्ली स्थित 10 जनपथ आवास पर भी आमंत्रित किया था, जहां दोनों ने साथ बैठकर भोजन किया था। इसी आत्मीय संबंध के चलते वह उनकी बेटी के विवाह समारोह में शामिल होने के लिए मदीना गांव पहुंचे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित