सोनीपत , फरवरी 11 -- हरियाणा के सोनीपत में उपायुक्त सुशील सरवन की अध्यक्षता में बुधवार को डीसी कैंप कार्यालय में मारुति सुजुकी के खरखोदा संयंत्र के अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में पंचायती राज, शिक्षा और स्वास्थ्य विभागों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान जिले में विकास कार्यों के लिए कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) निधि के प्रभावी उपयोग पर विस्तृत चर्चा की गई। उपायुक्त ने सुझाव दिया कि सीएसआर फंड का उपयोग सरकारी स्कूलों में सौर ऊर्जा से संचालित पंखे और लाइटें लगाने, आरओ सिस्टम स्थापित करने तथा विद्यार्थियों के लिए रजिस्टर व अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने में किया जाए। जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए गए कि वे स्कूलवार आवश्यकताओं की सूची तैयार कर शीघ्र प्रस्तुत करें।
उपायुक्त ने कहा कि सीएसआर निधि का प्राथमिक फोकस शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण पर होना चाहिए, ताकि बच्चों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। सौर ऊर्जा प्रणालियों को बिजली ग्रिड से जोड़ने की प्रक्रिया और अप्रैल माह से विद्यार्थियों को रजिस्टर वितरण सुनिश्चित करने पर भी विचार-विमर्श किया गया।
इसके अलावा डिजिटल साक्षरता और कौशल विकास कार्यक्रमों के लिए भी सीएसआर फंड के उपयोग पर जोर दिया गया, ताकि युवाओं को आधुनिक तकनीकी ज्ञान और रोजगारपरक प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित