सोनीपत , मार्च 12 -- सोनीपत के उपायुक्त सुशील सरवन की अध्यक्षता में गोहाना मिनी सचिवालय में गुरुवार को आयोजित समाधान शिविर में कुल 24 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें अवैध अतिक्रमण हटाने, संपत्ति के उत्परिवर्तन (म्यूटेशन) और रजिस्ट्री से जुड़े मामले प्रमुख रहे।
उपायुक्त ने शिकायतें सुनकर संबंधित अधिकारियों को मौके पर निरीक्षण कर जल्द समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। शिविर में काठुरा खरीद केंद्र पर गेहूं की खरीद, कृषि पहुंच मार्गों के निर्माण, परिवार पहचान पत्र में सुधार, बिजली-पानी की आपूर्ति और अतिक्रमण हटाने से संबंधित शिकायतें भी सामने आईं।
सोनीपत मिनी सचिवालय में सीटीएम डॉ. अनमोल की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में 18 शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें मुख्य रूप से म्यूटेशन, परिवार पहचान पत्र में त्रुटियां और बिजली व्यवस्था से जुड़ी समस्याएं शामिल रहीं।
वहीं, गनौर मिनी सचिवालय में एसडीएम परवेश काडियान की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में चार शिकायतें प्राप्त हुईं। अधिकारियों को सभी मामलों का जल्द निपटारा करने के निर्देश दिए गए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित