नयी दिल्ली , फरवरी 02 -- सोने की कीमत में सोमवार को करीब 900 रुपये चढ़कर 1,48,644 रुपये दस ग्राम पर पहुंच गयी जबकि चांदी में चार प्रतिशत से अधिक की गिरावट देखी गयी।
मल्टी कॅमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर शाम पांच बजे सोना 891 रुपये (0.60 प्रतिशत) की मजबूती के साथ 1,48,644 रुपये प्रति दस ग्राम बोला गया।
पीली धातु के विपरीत चांदी 10,856 रुपये यानी 4.09 प्रतिशत टूटकर 2,54,796 रुपये प्रति किलोग्राम के भाव पर रही।
पिछले महीने सोना 1,75,000 रुपये प्रति दस ग्राम को पार कर गया था। चांदी भी चार लाख रुपये प्रति किलोग्राम के पार पहुंच गयी थी। लेकिन उसके बाद दोनों कीमती धातुओं के दाम घटे हैं, विशेषकर चांदी में बड़ी गिरावट देखी गयी है।
विदेशों में दोनों कीमती धातुओं के दाम बढ़ गये। सोना 0.40 प्रतिशत की बढ़त में 4,732 डॉलर प्रति औंस के भाव बिका। चांदी 5,49 प्रतिशत मजबूत हुई और 82.85 डॉलर प्रति औंस बोली गयी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित