सोनभद्र , अप्रैल 14 -- उत्तर प्रदेश में सोनभद्र जिले के बीजपुर थाना क्षेत्र स्थित सीआईएसएफ कॉलोनी में मंगलवार सुबह एक सीआईएसएफ जवान का शव पंखे से लटका मिला। पुलिस सूत्रों ने बताया कि मृतक की पहचान अरुण कुमार (47) निवासी सीआईएसएफ कॉलोनी बी-62, मूल निवासी ग्राम बीबीपुर, थाना वीरनो, जनपद गाजीपुर के रूप में हुई है। मृतक की पत्नी पुष्पा देवी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके पति सोमवार रात ड्यूटी पर गए थे और मंगलवार सुबह करीब छह बजे क्वार्टर लौटकर आराम करने लगे। कुछ देर बाद वह फोन पर बात करते हुए घर के बाहर चली गईं। वापस लौटने पर देखा कि अरुण कुमार पंखे से दुपट्टे के सहारे लटके हुए थे।
शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए। सूचना मिलने पर प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार सिंह पुलिस बल के साथ पहुंचे और शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है और मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित