सोनभद्र , मार्च 12 -- सोनभद्र जिले में पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत साइबर ठगी के शिकार 86 पीड़ितों की कुल 35 लाख 86 हजार 160 रुपये की धनराशि वापस कराई गई है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने गुरुवार को बताया कि साइबर ठग शादी के सीजन में वेंडिंग कार्ड और चालान की एपीके फाइल भेजने के साथ ही फोन कॉल के माध्यम से लोन दिलाने या धनराशि दुगुनी करने का लालच देकर लोगों को ठगी का शिकार बना रहे थे। बढ़ते साइबर अपराधों पर नियंत्रण और पीड़ितों को शीघ्र राहत दिलाने के लिए पुलिस द्वारा सघन अभियान चलाया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि 01 फरवरी से अब तक साइबर ठगी के शिकार 86 पीड़ितों की कुल 35,86,160 रुपये की धनराशि वापस कराई गई है। इससे पहले इसी साल एक जनवरी से 31 जनवरी के बीच साइबर ठगी के 48 पीड़ितों की 23 लाख 12 हजार 636 रुपये की राशि भी उनके मूल बैंक खातों में वापस कराई गई थी।

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें या एनसीआरबी पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित