सोनभद्र , अप्रैल 25 -- उत्तर प्रदेश में सोनभद्र जिले के राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र में शनिवार की भोर में वाराणसी शक्तिनगर मार्ग पर लोढ़ी के पास एक वैवाहिक कार्यक्रम से वापस लौटते समय एक कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा कर पलट गई जिससे उसमें सवार तीन लोगों की मौत हो गई जबकी पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

पुलिस ने सभी को मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया है जहां डॉक्टरों ने गंभीर रूप से घायल कार चालक को बेहतर इलाज के लिये ट्रामा सेंटर बीएचयू भेजा है।

पुलिस क्षेत्राधिकारी रणधीर मिश्रा ने बताया कि शुक्रवार को कोन थाना क्षेत्र के सासनई गांव से शादी के लिए बारात रायपुर थाना क्षेत्र के पौनी गांव आयी थी। शादी के बाद रात्रि दो बजे आठ लोग कार में बैठकर अपने घर के लिए वापस निकले थे। भोर में 03.30 बजे यह लोग जैसे ही राबर्ट्सगंज लोढ़ी के पास पहुंचे तभी चालक को नींद आ गई जिससे कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई और पलट गई। घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और सभी को मेडिकल कालेज में पहुंचायी।

मेडिकल कॉलेज में डाक्टरों ने कोन थाना क्षेत्र के सासनई गांव निवासी जितेंद्र साहनी (18),दिलीप पासवान (20) व नितेश यादव (25) को मृत घोषित कर दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित