सोनभद्र , जनवरी 22 -- उत्तर प्रदेश में सोनभद्र जिले के घोरावल थाना क्षेत्र में गौ तस्करों व पुलिस टीम में हुई मुठभेड़ में दो पशु तस्कर घायल हो गए जबकि पशु तस्करों के वाहन पिकअप से टक्कर लगने से एक पुलिस आरक्षी भी घायल हो गया। पुलिस ने दोनों तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से एक पिकअप वाहन से नौ राशि गोवंश, दो अवैध तमंचा व कारतूस बरामद किया है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने गुरुवार को बताया के घोरावल थाना क्षेत्र में पुलिस टीम को भोर सूचना मिली कि कुछ पशु तस्कर मध्य प्रदेश के बार्डर से सोनभद्र होते हुए बिहार की तरफ जाने वाले हैं। इस पर थाना घोरावल, करमा व शाहगंज पुलिस टीम ने अलग-अलग टीमे बनाकर तत्काल मौके पर पहुंच कर खाखे मोड़ नहर पुलिया चौराहा के पास घेराबन्दी की। पशु तस्कर खुद को घिरता देखकर अपना पिकअप वाहन तेज रफ्तार से भगाने लगे जिससे पिकअप के टक्कर से एक पुलिस आरक्षी घायल हो गया।
उधर पुलिस टीम को देखकर तस्करों ने फायरिंग शुरू कर दिया। पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग किया जिसमें पिकअप का चालक सिद्धनाथ खरवार (29) निवासी ग्राम अमहरा, थाना अधौरा जिला कैमूर, बिहार और वाहन मालिक ओमप्रकाश यादव (30) निवासी चैनपुर, भभुआ बिहार के पैर में गोली लगने से घायल हो गए जिन्हें घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस टीम ने इनके कब्जे से एक पिकअप वाहन में नौं राशि गौवंश एक मृतक अवस्था में, 02 अवैध तमंचा .315 बोर, दो जिन्दा कारतूस .315 बोर व 02 खोखा कारतूस .315 बोर बरामद किया गया ।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों ने बताया कि वे कैमूर बिहार के रहने वाले है और काफी दिनों से गौ तस्करी का काम करते है। आज भी नौ गौवंशों को मध्य प्रदेश के बॉर्डर थाना घोरावल क्षेत्र के पास से लादे थे तथा नौगढ़ होते हुए बिहार ले जा रहे थे जिन्हे वध के लिए बिहार से पश्चिम बंगाल भेजा जाता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित