सोनभद्र, दिसंबर 10 -- उत्तर प्रदेश में सोनभद्र के राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र में रात्रि में पुलिस द्वारा नाकाबंदी करने पर तेज रफ्तार से भाग रहे गो तस्करों ने अपने पिकअप वाहन से एक पुलिसकर्मी को धक्का मारकर घायल कर दिया एवं गोलबारी करने लगे जिसमें पुलिसकर्मियों द्वारा जवाबी गोलीबारी करने पर दो गो तस्कर पैर में गोली लगने से घायल हो गए जिन्हें गिरफ्तार कर लिया गया और अंधेरे का लाभ उठाते हुए तीन गो तस्कर मौके से फरार हो गए।
पुलिस क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा ने बुधवार को बताया की बीती रात पुलिस को सूचना मिली की गो कुछ गो तस्कर रात्रि में करमा मधुपुर नौगढ़ के रास्ते से होते हुए बिहार की तरफ जाने वाले हैं।
उक्त सुचना पर नौगढ़ जाने वाले रास्ते पर दोमुहिया पुल पर थाना रॉबर्ट्सगंज पुलिस एवं एसओजी टीम द्वारा घेराबन्दी की गई। पुलिस टीम ने दो पिकअप को आता देख उन्हें रोकने के लिए हाथ दिया लेकिन गो तस्करों ने अपने पिकअप वाहन से एक पुलिसकर्मी को धक्का मारते हुए भागने लगे और फायरिंग शुरू कर दिये। पुलिस कर्मियों ने जवाबी फायरिंग किया जिससे दो तस्कर पैर में गोली लगने से घायल हो गये और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। पिकअप में सवार तीन तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित