सोनभद्र , फरवरी 8 -- उत्तर प्रदेश में सोनभद्र जिले के ओबरा थाना क्षेत्र के बिल्ली मारकुंडी खदान स्थित गिरधर क्रशर प्लांट परिसर में रविवार तड़के एक खनन व्यवसायी की लाठी-डंडों और कुंद हथियार से प्रहार कर हत्या कर दी गई।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने बताया कि सुबह करीब साढ़े चार बजे सूचना मिली कि प्लांट के कार्यालय कक्ष में 78 वर्षीय विष्णु हरि उपाध्याय का शव पड़ा है। सूचना पर पुलिस व फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई।
पुलिस के अनुसार वारदात उस समय हुई जब व्यवसायी प्लांट परिसर स्थित कार्यालय में सो रहे थे। मृतक की पहचान गिरधर स्टोन से जुड़े विष्णु हरि उपाध्याय निवासी थाना गोपीगंज जनपद भदोही के रूप में हुई है। वह खनन व्यवसायी माधव हरि उपाध्याय के भाई बताए जाते हैं। प्रारंभिक जांच में अज्ञात हमलावरों द्वारा लाठी-डंडों एवं कुंद हथियार से हमला किए जाने की पुष्टि हुई है।
एसपी ने बताया कि आरोपियों ने घटना के बाद मौके पर लगे सीसीटीवी कैमरे क्षतिग्रस्त कर दिए तथा कंप्यूटर, नगदी और अन्य कीमती सामान भी साथ ले गए। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और जल्द ही घटना के खुलासे का दावा किया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित