सोनभद्र , मार्च 12 -- पूर्वी उत्तर प्रदेश में सोनभद्र जिले के घोरावल कोतवाली क्षेत्र के तेंदुहार ग्राम पंचायत में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लगने से 33 बीघा सरसों की फसल जलकर राख हो गई। पुलिस सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि तेंदुहार ग्राम पंचायत के लाली गांव में कुछ किसानों ने सरसों की फसल काटकर मड़ाई के लिए खलिहान में रखी थी। बुधवार रात अज्ञात कारणों से खलिहान में आग लग गई। धुआं उठता देख गांव में हड़कंप मच गया। थोड़ी ही देर में आग तेजी से फैल गई और आसपास रखी अन्य किसानों की सरसों की फसल भी उसकी चपेट में आ गई। करीब दो घंटे बाद बिजली आपूर्ति शुरू होने पर ग्रामीणों ने समरसेबल पंप चलाकर आग पर काबू पाया।

इस घटना में एक ही परिवार के राहुल, रामसिंह, लक्ष्मण प्रसाद, मानसिंह पुत्रगण धर्मदेव बैसवार तथा बासमती पत्नी धर्मदेव बैसवार की कुल 25 बीघा सरसों की फसल जलकर नष्ट हो गई। वहीं दूसरे परिवार के हरिशंकर, रविशंकर और लीलावती की लगभग आठ बीघा फसल भी जलकर खाक हो गई।

पीड़ित किसानों ने बृहस्पतिवार सुबह पुलिस और राजस्व विभाग को घटना की सूचना देकर नुकसान का आकलन कर मुआवजा दिलाने की मांग की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित