सोनभद्र , फरवरी 05 -- सोनभद्र जिला कारागार में एनडीपीएस एक्ट के तहत निरुद्ध एक अभियुक्त की गुरुवार सुबह गंभीर बीमारी के चलते मौत हो गई। मृतक की पहचान राधेश्याम यादव (26) पुत्र ओमप्रकाश यादव, निवासी उरमौरा, थाना राबर्ट्सगंज के रूप में हुई है।

पुलिस क्षेत्राधिकारी रणधीर मिश्रा ने बताया कि राधेश्याम को कुछ दिन पूर्व हेरोइन बरामदगी के मामले में गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत न्यायालय के आदेश पर जेल भेजा गया था। गुरुवार सुबह जेल में उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद जेल प्रशासन ने उसे तत्काल संयुक्त जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना परिजनों को दे दी गई है। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित