रतलाम , फरवरी 27 -- मध्यप्रदेश के रतलाम जिले के सैलाना थाना क्षेत्र अंतर्गत सरवन और सैलाना के बीच स्थित घाट पर गुरुवार देर रात रिफाइंड तेल से भरे एक टैंकर में अचानक आग लग गई। समय रहते पुलिस जवानों और दमकलकर्मियों की तत्परता से आग पर काबू पा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार टैंकर अहमदाबाद से रिफाइंड तेल भरकर रतलाम की ओर आ रहा था। इसी दौरान सरवन घाट पर टैंकर में अचानक आग भड़क उठी।
घटना की सूचना राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम डायल-112 भोपाल को रात 12:25 बजे मिली। सूचना मिलते ही सैलाना थाना क्षेत्र में तैनात डायल-112 वाहन को तत्काल मौके पर रवाना किया गया तथा दमकल विभाग को भी अलर्ट किया गया। मौके पर पहुंचे पुलिस बल ने दमकल कर्मियों की टीम के साथ मिलकर आग पर नियंत्रण पाया और फैलने से रोक लिया गया।
आज सुबह लगभग नौ बजे टैंकर में दोबारा आग लगने की सूचना मिली। इस पर डायल-112 के जवान पुनः मौके पर पहुंचे और दमकल टीम के साथ मिलकर आग बुझाई। एसआरव्ही टूलकिट की सहायता से टैंकर में भरे ऑयल को सुरक्षित रूप से निकालने के लिए रास्ता बनाया गया, जिससे स्थिति पर पूरी तरह नियंत्रण पाया जा सका।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित