चंडीगढ़ , फरवरी 28 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अम्बाला छावनी स्थित आवास पर प्रदेश के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने श्री विज का कुशलक्षेम जाना और उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।
मुलाकात आत्मीय वातावरण में संपन्न हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री विज प्रदेश की राजनीति के वरिष्ठ स्पष्टवादी और अनुभवी नेता हैं। उन्होंने वर्षों तक जनसेवा के माध्यम से जनता के बीच अपनी अलग पहचान बनाई है। मुख्यमंत्री ने उनके प्रशासनिक अनुभव और प्रदेश के विकास में उनके योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उनका मार्गदर्शन सरकार के लिए महत्वपूर्ण है।
भेंट के दौरान प्रदेश के विकास कार्यों जनकल्याणकारी योजनाओं और वर्तमान प्रशासनिक विषयों पर भी संक्षिप्त चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने ईश्वर से प्रार्थना की कि श्री विज शीघ्र पूर्ण स्वस्थ होकर नई ऊर्जा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें और हरियाणा की प्रगति में अपना योगदान देते रहें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित