चंडीगढ़ , मार्च 17 -- हरियाणा में हुए राज्यसभा चुनाव के नतीजों के बाद मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने दोनों विजयी उम्मीदवारों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि चुनाव काफी दिलचस्प रहा।
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी को अपने ही विधायकों पर भरोसा नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने अपने विधायकों को बंदी बनाकर रखा। साथ ही कहा कि कांग्रेस के नौ वोट निर्दलीय उम्मीदवार को गए, जिससे पार्टी की अंदरूनी स्थिति स्पष्ट होती है।
उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस के लगभग 25 प्रतिशत विधायकों के वोट ट्रांसफर हुए हैं, जो पार्टी के अंदर विश्वास की कमी को दर्शाता है।
इंडियन नेशनल लोकदल की भूमिका पर भी मुख्यमंत्री ने सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि इनेलो ने कांग्रेस की "बी टीम" की तरह काम किया और अप्रत्यक्ष रूप से कांग्रेस को समर्थन दिया। उन्होंने कहा कि इनेलो को निर्दलीय उम्मीदवार के पक्ष में वोट देना चाहिए था लेकिन उसने कांग्रेस को लाभ पहुंचाने का काम किया।
मुख्यमंत्री ने बताया कि भाजपा की ओर से एक उम्मीदवार संजय भाटिया थे, जबकि एक निर्दलीय उम्मीदवार को भी भाजपा का समर्थन था। उन्होंने कहा कि रिटर्निंग ऑफिसर ने उनकी बात नहीं सुनी, जिसके बाद चुनाव आयोग में शिकायत दर्ज कराई गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित