चंडीगढ़ , मार्च 13 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शुक्रवार को पंचकूला के सेक्टर-5 स्थित टाउन पार्क में तीन दिवसीय 38वें वसंत उत्सव का शुभारंभ किया। इस उत्सव का आयोजन पहली बार सूरजकुंड मेले की तर्ज पर किया जा रहा है। इसके साथ ही रखरखाव के कारण करीब एक वर्ष से बंद एशिया का सबसे बड़ा कैक्टस गार्डन भी आम जनता के लिए खोल दिया गया।
कार्यक्रम में पहुंचने पर मुख्यमंत्री का पारंपरिक पगड़ी बांधकर तथा ढोल-नगाड़ों और वाद्ययंत्रों के साथ स्वागत किया गया। श्री सैनी ने वसंत उत्सव में आयोजित फूलों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया और कट फ्लावर, ड्राई फ्लावर तथा फ्रेश फ्लावर सेक्शन में प्रदर्शित विभिन्न किस्मों के फूलों में विशेष रुचि दिखाई। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार किए गए उत्पादों के स्टॉलों का भी निरीक्षण किया।
मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री सैनी ने कहा कि वसंत उत्सव हमारी संस्कृति, प्रकृति प्रेम और सामाजिक समरसता का जीवंत प्रतीक है। यह उत्सव प्रदेश भर के लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। उन्होंने कहा कि पंचकूला हरियाणा का एक आधुनिक और सुव्यवस्थित शहर है, जो अपनी प्राकृतिक सुंदरता, स्वच्छ वातावरण और संतुलित विकास के लिए जाना जाता है। यहां आधुनिकता और परंपरा का सुंदर संगम देखने को मिलता है और इस आयोजन ने शहर की सुंदरता को और भी बढ़ा दिया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है तथा ऐसे आयोजन लोगों में प्रकृति के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित