रुड़की (हरिद्वार) , फरवरी 01 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता एवं महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने रविवार को कहा कि सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है और समाज के प्रति समर्पण से ही राष्ट्र सशक्त बनता है।

श्री कोश्यारी आज वीटीगंज स्थित जैन धर्मशाला में युवा भाजपा नेता ध्रुव गुप्ता द्वारा आयोजित विशाल निशुल्क स्वास्थ्य शिविर के उद्घाटन अवसर पर बोल रहे थे।

उन्होंने शिविर का उद्घाटन करते हुए कहा कि भाजपा के युवा कार्यकर्ता समाज और राष्ट्र की भलाई के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जहां विश्व के अनेक देशों में युवा वर्ग भटकाव की स्थिति में है, वहीं भारतीय संस्कृति से जुड़े भाजपा कार्यकर्ता सेवा भाव से प्रेरित होकर जनकल्याण के कार्यों में अग्रणी भूमिका निभा रहे हैं।

श्री कोश्यारी ने युवा भाजपा नेता ध्रुव गुप्ता को बधाई देते हुए कहा कि उनके द्वारा लंबे समय से इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जा रहा है, जिससे नगरवासियों को प्रत्यक्ष लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के युवा मुख्यमंत्री के नेतृत्व में उत्तराखंड निरंतर विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है और प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश तेजी से प्रगति के पथ पर अग्रसर है। आने वाला समय भारत को विश्व में अग्रणी राष्ट्र के रूप में स्थापित करेगा।

शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराकर लाभ उठाया, वहीं अनेक लोगों ने रक्तदान भी किया।

इस अवसर पर मेयर अनीता ललित अग्रवाल, राज्य मंत्री श्यामवीर सैनी, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. मधु सिंह, जिला महामंत्री अक्षय प्रताप सिंह, वरिष्ठ भाजपा नेता ललित मोहन अग्रवाल, युवा भाजपा नेता इंजीनियर चैरब जैन, नवीन कुमार जैन एडवोकेट, रमा सैनी, पार्षद डॉ. नवनीत शर्मा, सुशील त्यागी, आदेश सैनी, अनीस गौड, विवेक चौधरी, कुलदीप तोमर, रीना अग्रवाल, बी.एल. अग्रवाल, अलीम सिद्दीकी आदि उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित