रांची, 27सितम्बर (वार्ता) झारखंड के रांची में सेवा पखवाड़ा 2025 के अवसर पर विशिष्ट जन सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें समाजसेवा, कला, संस्कृति और लोकहित में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया गया। इस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री एवं रांची के सांसद संजय सेठ उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विशेष तौर पर राज्यसभा सांसद आदित्य साहू, पद्मश्री लोकगायक मुकुंद नायक , रांची विधायक सी.पी. सिंह, हटिया विधायक नवीन जायसवाल, पूर्व नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी, भाजपा रांची जिला महानगर जिलाध्यक्ष वरुण साहू सहित भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी और बड़ी संख्या में विशिष्टजन शामिल हुए।

समारोह के दौरान रक्षा राज्य मंत्री ने सेवा पखवाड़ा के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस से आरंभ हुआ यह अभियान "सेवा ही संगठन" की भावना को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने का प्रयास है। इस अवसर पर सम्मानित किए गए व्यक्तित्वों ने भी अपने अनुभव साझा किए और समाजहित में कार्य करने की प्रतिबद्धता जताई।

कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने यह संकल्प लिया कि वे सेवा पखवाड़ा को एक व्यापक सामाजिक अभियान बनाकर स्वच्छता, स्वास्थ्य, पोषण और जनकल्याण के कार्यों को आगे बढ़ाएँगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित