सूरजपुर , मार्च 14 -- छत्तीसगढ़ में सेवा कार्य के दौरान सड़क दुर्घटना में जान गंवाने वाले जिले के आरक्षक मसत राम पैंकरा के परिजनों को पुलिस विभाग की सैलरी पैकेज योजना के तहत एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता राशि प्रदान की गई। पुलिस अधिकारियों और बैंक प्रबंधन ने संयुक्त रूप से आरक्षक के गृहग्राम पहुंचकर उनकी धर्मपत्नी को यह राशि सौंपी।

पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) कार्यालय ने शनिवार को यह जानकारी देते हुए कहा डीआईजी एवं एसएसपी सूरजपुर प्रशांत कुमार ठाकुर और भारतीय स्टेट बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक अविनाश पाणिग्रही शुक्रवार को दिवंगत आरक्षक के गृहग्राम चकेरी (शर्मा) थाना उदयपुर, जिला सरगुजा पहुंचे। यहां उन्होंने आरक्षक मसत राम पैंकरा की धर्मपत्नी कुसुम सिंह को एक करोड़ रुपये का चेक भेंट किया। इस अवसर पर अधिकारियों ने परिजनों को सांत्वना देते हुए कहा कि पुलिस विभाग हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ा है।

गौरतलब है कि आरक्षक मसत राम पैंकरा जिला सूरजपुर में पदस्थ थे और डीआईजी/एसएसपी सूरजपुर के गनमैन के रूप में तैनात थे। पिछले साल 17 सितम्बर को ड्यूटी जाने के दौरान एक मार्मिक सड़क दुर्घटना में उनकी मृत्यु हो गयी थी। इस दर्दनाक घटना से पूरे पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई थी और विभाग ने हर संभव मदद का भरोसा दिलाया था।

पुलिस सैलरी पैकेज योजना के अंतर्गत दी गई इस सहायता राशि का मुख्य उद्देश्य ड्यूटी के दौरान जान गंवाने वाले पुलिसकर्मियों के आश्रित परिवार को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है, जिससे उनका भविष्य सुरक्षित हो सके। यह योजना पुलिस विभाग द्वारा अपने कर्मियों के प्रति की गई एक अहम पहल है।

दिवंगत आरक्षक की धर्मपत्नी कुसुम सिंह ने इस आर्थिक सहायता के लिए छत्तीसगढ़ शासन, पुलिस प्रशासन और बैंक प्रबंधन के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस राशि से परिवार को बड़ा सहारा मिलेगा। विदित हो कि आरक्षक की आकस्मिक मृत्यु के उपरांत उनके बड़े पुत्र गणेश प्रसाद को अनुकंपा नियुक्ति के तहत नव आरक्षक के पद पर नियुक्ति दी जा चुकी है, जिससे परिवार को रोजगार का भी स्थायी साधन मिल गया है।

इस अवसर पर भारतीय स्टेट बैंक के डिप्टी मैनेजर प्रेमशंकर सिंह, दिवंगत आरक्षक के पिता बीर सिंह सहित बड़ी संख्या में परिजन और ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने पुलिस विभाग और बैंक प्रशासन के इस मानवीय कदम की सराहना की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित