सोनीपत , फरवरी 03 -- हरियाणा में सोनीपत जिले के कुंडली थाना क्षेत्र के भैरा बाकिपुर गांव में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। यहां एक सेवानिवृत्त डीटीसी कंडक्टर की नींद में गला घोंटकर हत्या कर दी गई।

मृतक की पहचान रोहताश (68) के रूप में हुई है, जो दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) से सेवानिवृत्त थे। वे अपने घर पर बने एक कमरे में सो रहे थे। रात के दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने कथित तौर पर उनका गला घोंटकर हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही कुंडली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। साक्ष्य जुटाने के लिए फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम को भी बुलाया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, रोहताश ने रात में अपने घर पर खाना खाया था और बाद में अपने प्लॉट पर बने कमरे में सोने चले गए थे। इसी दौरान अज्ञात हमलावर ने उन पर हमला किया और हत्या कर दी।

आरोपी की पहचान के लिए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संदिग्ध गतिविधियों की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगाबताया गया है कि रोहताश करीब आठ वर्ष पहले डीटीसी से सेवानिवृत्त हुए थे और गांव में एक शांत एवं मिलनसार व्यक्ति के रूप में जाने जाते थे। फिलहाल किसी प्रकार की रंजिश या दुश्मनी की जानकारी सामने नहीं आई है। उनके परिवार में एक बेटा और चार बेटियां हैं, सभी विवाहित हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित