रायपुर , फरवरी 26 -- छत्तीसगढ़ शासन ने प्रशासनिक अनुभव और नीति निर्माण में विशेषज्ञता को ध्यान में रखते हुए सेवानिवृत्त भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारी गणेश शंकर मिश्रा को राज्य नीति आयोग का उपाध्यक्ष नियुक्त किया है। इस संबंध में योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी तथा बीस सूत्रीय कार्यक्रम क्रियान्वयन विभाग द्वारा औपचारिक आदेश जारी कर दिया गया है।
जारी आदेश के अनुसार, श्री मिश्रा की नियुक्ति उनके द्वारा कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से प्रभावशील मानी जाएगी और आगामी निर्देश तक वे इस पद पर दायित्व निभाएंगे।
उल्लेखनीय है कि सेवानिवृत्त आईएएस मिश्रा प्रशासनिक सेवा के दौरान विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर कार्य कर चुके हैं। शासन को उम्मीद है कि उनके अनुभव का लाभ राज्य की विकास योजनाओं, नीतिगत दिशा निर्धारण तथा दीर्घकालिक रणनीतियों के क्रियान्वयन में मिलेगा।
राज्य नीति आयोग प्रदेश की विकास प्राथमिकताओं के अनुरूप योजनाओं के निर्माण, मूल्यांकन और समन्वय में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। ऐसे में इस नियुक्ति को शासन के नीतिगत ढांचे को और मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित