कोटा , जनवरी 25 -- लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने रविवार को कोटा के न्यू मेडिकल कॉलेज परिसर में लगभग 27 करोड़ रुपये की लागत से रामाश्रय भवन एवं अत्याधुनिक बीएसएल-3 लैब का शिलान्यास और फाइब्रोस्कैन मशीन का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर श्री बिरला ने कहा कि रामाश्रय भवन केवल एक इमारत नहीं, बल्कि मानवीय संवेदना, सम्मान और सेवा का सजीव प्रतीक है। उन्होंने कहा कि देश में पहली बार इस तरह के दो सर्वसुविधायुक्त रामाश्रय भवन कोटा में बनाए जा रहे हैं। जेके लोन अस्पताल के बाद अब मेडिकल कॉलेज परिसर में 11.76 करोड़ से चार मंजिला वातानुकूलित भवन बनेगा, जिसमें 767 बेड की सुविधा होगी। यहां तीमारदारों के लिए नि:शुल्क ठहराव और भोजन के साथ डॉर्मिट्री, किचन-डाइनिंग, लिफ्ट, लॉकर तथा महिलाओं के लिए पृथक व्यवस्थाएं उपलब्ध रहेंगी। मेडिकल कॉलेज में 14 करोड़ रुपए की लागत से प्रदेश की दूसरी बीएसएल-3 लैब स्थापित की जाएगी। इससे कोरोना, निपाह, मंकीपॉक्स, वेस्ट नाइल जैसे संक्रामक रोगों की जांच और अनुसंधान कोटा में ही संभव हो सकेगा।
उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज परिसर में करोड़ों रूपए के विकास कार्य प्रगति पर हैं। करीब 35 करोड़ रुपये की लागत से कॉटेज वार्ड का निर्माण होने जा रहा है, मदर एंड चाइल्ड केयर हॉस्पिटल भी जल्द शुरू होगा। लीवर रोगों की बढ़ती समस्या के मद्देनजर फाइब्रोस्कैन मशीन स्थापित की गई है तथा मोबाइल हेल्थ यूनिट के माध्यम से गांव-गांव जांच अभियान चलाने की योजना है वहीं बीएसएल-3 लैब से गंभीर संक्रामक रोगों की जांच और शोध को नई दिशा मिलेगी।
श्री बिरला ने कहा कि कोविड काल में चिकित्सकों ने अपनी जान जोखिम में डालकर सेवा की और कोटा में कभी ऑक्सीजन की कमी नहीं आने दी गई। उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास कठिन समय में निभाई गई जिम्मेदारियों से बनता है। उन्होंने कहा कि भविष्य में कैंसर अस्पताल, अतिरिक्त 300 बेड का अस्पताल और अन्य चिकित्सा सुविधाओं को लेकर भी कार्ययोजना तैयार की जा रही है। लक्ष्य है कि आने वाले दो वर्षों में कोटा चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में देश के अग्रणी शहरों में शामिल हो, जहां हर जरुतमंद को निःशुल्क, गुणवत्तापूर्ण और सम्मानजनक इलाज मिल सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित