नयी दिल्ली , मार्च 11 -- सार्वजनिक क्षेत्र की सबसे बड़ी इस्पात उत्पादक और महारत्न कंपनी भारतीय इस्पात प्राधिकरण (सेल) ने चालू वित्त वर्ष के पहले 11 महीने में बिक्री का नया कीर्तिमान स्थापित किया है।
कंपनी की प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि वित्त वर्ष 2025-26 में अप्रैल-फरवरी के दौरान उसने 1.82 करोड़ टन इस्पात की बिक्री की जो किसी भी वित्त वर्ष के पहले 11 महीने में सबसे अधिक है। यह पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि से 14 प्रतिशत ज्यादा है। इस दौरान उसका नकद संग्रह 1.11 लाख करोड़ रहा जो एक नया कीर्तिमान और सालाना आधार पर 10 प्रतिशत की वृद्धि है। इस दौरान खुदरा बिक्री, स्टॉकयार्ड बिक्री और घर तक डिलीवरी में महत्वपूर्ण सुधार हुआ।
सेल ने फरवरी महीने में 15.8 लाख टन इस्पात की बिक्री की। इस साल जनवरी के मुकाबले फरवरी में इन्वेंट्री में 1.05 लाख टन की कमी दर्ज की गयी। अच्छे नकद संग्रह के दम पर कंपनी ने अपना कर्ज एक हजार करोड़ रुपये कम करने में सफलता पायी है।
प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि बाजार की विशिष्ट आवश्यकताओं को पूरा करते हुए सेल ने चेकर्ड प्लेट्स का उत्पादन फिर से शुरू कर दिया है। कंपनी ने झारखंड के बोकारो स्थित संयंत्र में पहली बार चेकर्ड प्लेट्स का उत्पादन शुरू किया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित