गांधीनगर , फरवरी 25 -- गुजरात सरकार एक मार्च को गांधीनगर स्थित महात्मा मंदिर में सेमीकनेक्ट कॉन्फ्रेंस 2026 के तीसरे संस्करण की मेजबानी करेगी।
सूत्रों ने बुधवार को बताया कि इस कॉन्फ्रेंस का आयोजन गुजरात सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग और गुजरात स्टेट इलेक्ट्रॉनिक्स मिशन (जीएसईएम) की ओर से किया जा रहा है। राज्य के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी), रेल और सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव, गुजरात के उप मुख्यमंत्री हर्ष संघवी और विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री अर्जुन मोढवाडिया की उपस्थिति में इस कॉन्फ्रेंस का उद्घाटन करेंगे।
इस कॉन्फ्रेंस की थीम 'गुजरात: इंडियाज गेटवे टू सिलिकॉन' (गुजरात: सिलिकॉन के लिए भारत का प्रवेशद्वार) है, जो भारत की सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम के प्रमुख केंद्र के तौर पर स्थापित होने की राज्य की महत्वाकांक्षा को प्रतिबिंबित करता है। गुजरात अपने मजबूत अवसंरचना, औद्योगिक कॉरिडोर और निवेशक- अनुकूल नीतियों के साथ, भारत की सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग और रिसर्च क्षमताओं को गति देने में मुख्य भूमिका निभाने के लिए तैयार है। यह कॉन्फ्रेंस वैश्विक सेमीकंडक्टर सीईओ, नीति निर्माताओं और उद्योग अग्रणियों को एक साथ लाएगी, जो वैश्विक मूल्य शृंखला में भारत की स्थिति को मजबूत करने की रणनीतियों पर चर्चा करेंगे।
इस दो दिवसीय कॉन्फ्रेंस के तहत मुख्य भाषण, थीमैटिक पैनल्स और अंतरराष्ट्रीय राउंडटेबल का आयोजन किया गया है। पहले दिन नेक्स्ट जनरेशन सेमीकंडक्टर रिसर्च और मैन्युफैक्चरिंग, धोलेरा और साणंद जैसे हब के लिए लॉजिस्टिक्स और निर्यात की तैयारी, भविष्य के कौशल के लिए कार्यबल का विकास जैसे सत्र आयोजित किये जाएंगे। सत्रों के दौरान होने वाली चर्चाओं में भारत के इलेक्ट्रॉनिक्स आधार को मजबूत बनाने पर भी ध्यान केंद्रित किया जाएगा, जिनमें प्रिंटेड सर्किट बोर्ड से लेकर रेजिलिएंट कंपोनेंट इकोसिस्टम शामिल हैं।
समानांतर सत्रों में माइक्रोन सप्लायर्स राउंडटेबल, जापान और ताइवान के साथ कंट्री-स्पेसिफिक राउंडटेबल और 'फ्रॉम सिलिकॉन टू स्टूडेंट्स: बिल्डिंग इंडियाज सेमीकंडक्टर फ्यूचर' (सिलिकॉन से विद्यार्थियों तक: भारत के सेमीकंडक्टर भविष्य का निर्माण) शीर्षक के अंतर्गत शिक्षा और आउटरिच पर एक सेमीनार का आयोजन होगा।
दूसरे दिन, धोलेरा विशेष निवेश क्षेत्र (स्पेशल इन्वेस्टमेंट रीजन-एसआईआर) में गाइडेड टूर का आयोजन किया गया है, जो जीएसईएम, डीआईसीडीएल और टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स की ओर से आयोजित होगा। इस गाइडेड टूर से प्रतिनिधियों को गुजरात के महत्वाकांक्षी इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स को स्वयं देखने का अवसर मिलेगा।
इस कॉन्फ्रेंस में प्रतिष्ठित वक्ताओं को आमंत्रित किया गया है, जिनमें टीईपीएल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) और प्रबंध निदेशक डॉ. रणधीर ठाकुर, माइक्रोन टेक्नोलॉजी के सीईओ संजय मेहरोत्रा, सीजी सेमी के अध्यक्ष जी.सी. चतुर्वेदी, केन्स टेक्नोलॉजी के एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट रमेश कुन्हीकन्नन, सेमीकंडक्टर इक्विपमेंट एंड मैटेरियल्स इंटरनेशनल (सेमी) के सीईओ अजित मनोचा और जॉर्जिया टेक के एमेरिटस प्रोफेसर डॉ. राव तुम्माला शामिल हैं।
इस पहल को माइक्रोन, टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स और केन्स सेमीकॉन जैसी जानीमानी सेमीकंडक्टर कंपनियों तथा जापान एक्सटर्नल ट्रेड ऑर्गनाइजेशन (जेट्रो- जापान), कोरिया व्यापार-निवेश संवर्धन एजेंसी (कोटरा-कोरिया), इन्वेस्ट इंडिया, इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन, सेमी, इंडिया इलेक्ट्रॉनिक्स एंड सेमीकंडक्टर एसोसिएशन (आईईएसए), इलेक्ट्रॉनिक्स सिटी इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (ईएलसीआईएनए), इंडिया सेल्युलर एंड इलेक्ट्रॉनिक्स एसोसिएशन (आईसीईए) और मोबाइल एंड इलेक्ट्रॉनिक्स डिवाइसेज एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल (एमईडीईपीसी) जैसे नॉलेज पार्टनर्स का समर्थन मिला है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित