सेंट्रल नोएडा , फरवरी 26 -- उत्तर प्रदेश के सेंट्रल नोएडा फेस तीन थाना क्षेत्र के अंतर्गत नोएडा सेक्टर 64 स्थित मामूरा गांव में गुरुवार को एक व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही फेस तीन थाना पुलिस और उच्चाधिकारी एवं निरीक्षण टीम मौके पर पहुंचे तथा जांच शुरू की।
पुलिस ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि मृतक की पहचान राहुल (35) के रूप में हुई है, जो फुटपाथ पर रहता और वहीं सोता था। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि राहुल का एक अन्य व्यक्ति रविन्द्र (30) पुत्र बनवीर सिंह, निवासी पौड़ी गढ़वाल, उत्तराखंड से 1500 रुपये के लेन-देन को लेकर विवाद हो गया था। दोनों फुटपाथ पर ही रहते थे।
विवाद के दौरान आरोपी रविन्द्र ने कथित रूप से राहुल के सिर पर पत्थर से वार कर दिया और उसे नाले में धकेल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया है।
पुलिस ने आरोपी रविन्द्र को हिरासत में ले लिया है और उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित