गंगानगर , अप्रैल 29 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले के समेजा कोठी थाना क्षेत्र में पाकिस्तान सीमा के अत्यंत निकट सेना के बंकर में एक व्यक्ति ने कीटनाशक पीकर आत्महत्या कर ली है।
पुलिस सूत्रों ने बुधवार को बताया कि चक 15 पीटीडी स्थित एक खेत में सेना का बंकर है। इसी बंकर में मंगलवार शाम को एक व्यक्ति संदिग्ध हालत में शव मिला। मृतक की पहचान संदीप बिश्नोई (39) के रूप में हुई है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह आत्महत्या का मामला प्रतीत हो रहा है, क्योंकि घटनास्थल पर खाली कीटनाशक की बोतल मिली है।
पुलिस ने बताया कि खेत मालिक ने अपने खेत में सेना के बंकर के बाहर एक मोटरसाइकिल लावारिस और संदिग्ध अवस्था में देखी तो पुलिस सूचित किया। पुलिस मौके पर पहुंची और बंकर के अंदर जाकर देखा तो एक व्यक्ति का शव पड़ा था।
पुलिस ने बताया कि संदीप मंगलवार सुबह करीब आठ बजे घर से अपनी मोटरसाइकिल लेकर निकला था। वह समेजा कोठी बाजार में एक पेस्टिसाइड्स की दुकान पर रुका और कीटनाशक दवा की बोतल खरीदी। बाद में वह सीधे चक 15 पीटीडी के खेत में सेना के बंकर पहुंचा, जहां उसने कीटनाशक पीकर आत्महत्या कर ली।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित